KAWARDHA NEWS. छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिला में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनका 4 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया और सड़क निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाया। यह हादसा कुण्डा थाना क्षेत्र में हुआ। जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान कृष्णा आढिले और उनकी पत्नी कीर्ति आढिले के रूप में हुई है।

मृतक पति-पत्नी दोनों सारंगढ़ के रहने वाले थे। शुक्रवार सुबह कृष्णा अपनी पत्नी और 4 साल के बेटे के साथ बाइक से ससुराल कोलेगांव जा रहे थे। बताया जा रहा है कि कुण्डा क्षेत्र में सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक को क्रॉस करते समय उनकी बाइक सड़क किनारे गीली मिट्टी में फिसल गई। बाइक गिरते ही पति-पत्नी ट्रक के पहिए के नीचे आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनका मासूम बेटा दूर जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो चुका था। घायल बच्चे को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुण्डा में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य में भारी लापरवाही बरती गई है। उनका कहना है कि सड़क किनारे शोल्डर कटिंग में मुरुम की जगह मिट्टी का इस्तेमाल किया गया, जो बारिश के बाद कीचड़ में बदल गई। इसी वजह से आए दिन बाइक सवार फिसलकर हादसे का शिकार हो रहे हैं।

ग्रामीण सड़क निर्माण कराने वाले ठेकेदार को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी ठेकेदार के आने तक आंदोलन जारी रखने की बात कहते रहे।




































