RAJNANDGAON NEWS. छत्तीसगढ़ में जमीन के दामों में हुई वृद्धि के मामले में विरोध प्रदर्शन करने आज राजनांदगांव शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया। पुतला दहन के लिए कांग्रेसियों ने शहर के जयस्तंभ चौक से रैली निकाली और मानव मंदिर चौक पर पहुंचकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

बता दें कि यहां पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन के लिए कांग्रेस द्वारा पुलिस को चकमा देते हुए कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिनेमा लाईन की ओर से मुख्यमंत्री का पुतला निकालकर उसे आग के हवाले कर दिया। तभी मौके पर मौजूद पुलिस ने पुतले में पानी डालकर आग बुझाई ।

पुतला दहन के आयोजन को लेकर नव नियुक्त शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा तुगलगी फरमान जारी करके जमीनों की दरों में बेतहाशा वृद्धि कर दी गई है। इसे फाइनेंशियल ईयर में ना लाकर सरकार ने बीच साल में जमीन के दरों को बढ़ाकर किसानों, व्यापारियों और मध्यमवर्गीय परिवारों के साथ धोखा किया है ।

उन्होंने कहा कि अचानक जमीनों के दर बढ़ने पर लोग जमीन नहीं खरीद पा रहे हैं । वही जो जरूरतमंद है वह अपनी जमीन नहीं बेच पा रहे हैं। कांग्रेस के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष विपिन यादव और शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार को जिम्मेदारी मिलने के बाद पहले ही प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की खासी भीड़ जुटी । जहां साय सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया गया।

बता दें कि प्रदेश में कई जगहों पर कलेक्टर गाइडलाइन के तहत जमीन की सरकारी दरों में एकमुश्त 300 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी के खिलाफ विवाद तेज हो गया है। जमीन कारोबारी और क्रेडाई पहले ही विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं, अब इस मामले को लेकर न्यायालय में याचिका दाखिल करने की तैयारी भी शुरू हो गई है। सूत्रों के अनुसार, याचिका में मुख्य आधार यह होगा कि प्रशासन और केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड ने गाइडलाइन तय करने में वैधानिक प्रावधानों का पालन नहीं किया।




































