RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त से जुड़े कथित गिरोह का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये महिलाएं गरीब और मजबूर गर्भवती महिलाओं को मुफ्त डिलीवरी और इलाज का लालच देकर रायपुर बुलाती थीं। इसके बाद बच्चे के जन्म होते ही उसे निःसंतान दंपतियों को बेचने की कोशिश करती थीं। पुलिस की शुरुआती जांच में इस गिरोह के तार ओडिशा, हैदराबाद और अहमदाबाद समेत कई राज्यों से जुड़े होने की आशंका है। जांच में यह भी सामने आया है कि नवजात बच्चों का सौदा 5 से 10 लाख रुपये तक में किया जाता था। पुलिस को आशंका है कि आरोपी महिलाएं अब तक 15 से 20 नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त में शामिल हो सकती हैं।
मुफ्त डिलीवरी का झांसा देकर गर्भवती महिला को बुलाया रायपुर
मामले का खुलासा ओडिशा के सुंदरगढ़ की रहने वाली एक गर्भवती महिला की शिकायत के बाद हुआ। बताया जा रहा है कि महिला का संपर्क रायपुर निवासी कृतिका साहू (34) से हुआ था। कृतिका ने उसे मुफ्त प्रसव और इलाज कराने का भरोसा दिलाया और रायपुर बुला लिया। रायपुर पहुंचने के बाद कृतिका ने महिला की मुलाकात गीतिका नाग (36) और अहिल्या नामदेव (40) से कराई। इसके बाद महिला को गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहराया गया। आरोप है कि तीनों महिलाओं ने महिला की आर्थिक मजबूरी का फायदा उठाने की कोशिश की। उन्होंने नवजात बच्चे को किसी निःसंतान दंपती को बेचने पर मोटी रकम मिलने का लालच दिया। हालांकि, महिला ने अपना बच्चा बेचने से साफ इनकार कर दिया।
बच्चा बेचने से मना किया तो मां को बनाया बंधक
पुलिस के मुताबिक, 4 नवंबर 2026 को महिला की डिलीवरी हुई। इसके बाद उसे नवजात बच्चे के साथ दोबारा अहिल्या के घर ले जाया गया, जहां कथित तौर पर उसे बंधक बनाकर रखा गया। आरोपियों ने महिला को डराया-धमकाया और कहा कि डिलीवरी तथा इलाज में हुए खर्च की भरपाई उसके बच्चे को बेचकर की जाएगी। महिला की मर्जी के बिना ही नवजात का सौदा करने की कोशिश की जा रही थी। किसी तरह महिला आरोपियों के चंगुल से निकलकर पुलिस तक पहुंची और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद आजाद चौक थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
व्हाट्सएप ग्रुप में बच्चों की तस्वीरें भेजकर तलाशते थे खरीदार
जांच में गिरोह के काम करने का तरीका भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिलाएं व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए नवजात बच्चों की तस्वीरें संभावित खरीदारों तक पहुंचाती थीं। इसके बाद बच्चे की कीमत और अन्य जानकारियों के आधार पर सौदा तय किया जाता था। आरोप है कि बच्चों का सौदा करते समय उनकी जाति और धर्म की जानकारी भी खरीदारों को दी जाती थी। इतना ही नहीं, बच्चे को खरीदने वाले दंपती को उसका असली माता-पिता दिखाने के लिए उनके नाम से जन्म प्रमाण पत्र बनवाने की व्यवस्था भी की जाती थी। इस पूरे नेटवर्क में कई दलालों के शामिल होने की आशंका है। पुलिस अब उन लोगों की पहचान करने में जुटी है, जो बच्चों के खरीदार तलाशने और सौदे को अंतिम रूप देने का काम करते थे।
5 से 10 लाख रुपये तक में होता था नवजात बच्चों का सौदा
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि नवजात बच्चों को कथित तौर पर 5 से 10 लाख रुपये तक में बेचा जाता था। इस पूरे लेनदेन में बिचौलियों को कमीशन भी दिया जाता था। प्रारंभिक जांच में 5 से 6 लोगों के संगठित सिंडिकेट की आशंका जताई गई है। पुलिस को यह भी संदेह है कि गिरोह अब तक 15 से 20 बच्चों की खरीद-फरोख्त कर चुका हो सकता है। फिलहाल इन आंकड़ों की पुष्टि के लिए पुलिस पुराने मामलों, संभावित खरीदारों और आरोपियों के संपर्कों की जांच कर रही है।
फर्जी जन्म प्रमाण पत्र और अस्पतालों की भूमिका भी जांच के घेरे में
इस मामले में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार कराने का पहलू भी सामने आया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चों के जन्म और पहचान से जुड़े दस्तावेज किस तरह बनवाए जाते थे और इसमें किन लोगों की मदद ली जाती थी। जांच के दौरान रायपुर के कुछ अस्पतालों और डॉक्टरों के नाम भी सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, अभी तक पुलिस ने किसी अस्पताल या डॉक्टर की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच में जिसकी भी भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
तीनों आरोपी महिलाएं गिरफ्तार, दूसरे राज्यों तक नेटवर्क की जांच
आजाद चौक थाना पुलिस ने इस मामले में कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 307/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3), 143(4), 318(4) और 61 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि अब तक कितने बच्चों का सौदा किया गया, इसमें कौन-कौन से दलाल शामिल हैं और दूसरे राज्यों में इस नेटवर्क के संपर्क किन लोगों से थे।




































