RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर में प्रॉपर्टी रेंटल के नाम पर लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। बोरियाकला की रहने वाली ज्योति सोनी से एवेना नाम की प्रॉपर्टी रेंटल कंपनी के प्रतिनिधियों ने 28.55 लाख रुपए ठग लिए। महिला को अपनी संपत्ति Airbnb के जरिए किराए पर संचालित कराने और हर महीने नियमित आमदनी का भरोसा दिलाया गया था। शुरुआत में दो महीने किराया देने के बाद कंपनी के प्रतिनिधियों ने निवेश के नाम पर अतिरिक्त रकम लेना शुरू कर दिया।

नियमित मुनाफे का लालच देकर अलग-अलग किस्तों में पैसे ट्रांसफर कराए गए। रकम मिलने के बाद कंपनी ने भुगतान बंद कर दिया। पुलिस के मुताबिक, ज्योति सोनी ने मार्च 2026 में इंस्टाग्राम पर एवेना कंपनी का विज्ञापन देखा था। इसके बाद कंपनी के प्रतिनिधियों ने उनसे संपर्क किया। उन्हें बताया गया कि कंपनी उनकी संपत्ति किराए पर लेकर Airbnb के माध्यम से संचालित करेगी। इसके बदले हर महीने तय किराया दिया जाएगा।

शुरुआती दो महीने तक किराया मिलने से महिला को कंपनी पर भरोसा हो गया। इसके बाद कंपनी के प्रतिनिधियों ने निवेश का प्रस्ताव दिया। उन्हें भरोसा दिलाया गया कि निवेश की गई रकम पर नियमित मुनाफा मिलेगा। इस झांसे में आकर ज्योति ने अलग-अलग किस्तों में कुल 28.55 लाख रुपए कंपनी को ट्रांसफर कर दिए। हालांकि, इसके बाद कंपनी ने न तो निवेश की रकम लौटाई और न ही नियमित भुगतान किया।

सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर भी रकम लेने का आरोप
मामले में यह भी आरोप है कि कंपनी ने दूसरे शहरों में संपत्तियों के मालिकों से सिक्योरिटी डिपॉजिट देने के नाम पर रकम ली, लेकिन संबंधित संपत्ति मालिकों को भुगतान नहीं किया। निवेश के बदले ज्योति को न तो कोई एग्रीमेंट दिया गया और न ही सिक्योरिटी चेक उपलब्ध कराया गया। ज्योति का कंपनी पर तीन महीने का किराया भी बकाया है, जिसकी कुल राशि 4.63 लाख रुपए बताई गई है। इस तरह निवेश की रकम और बकाया किराया मिलाकर महिला को कुल 33.18 लाख रुपए का नुकसान होने का दावा है।


































