RAIPUR NEWS. नौकरी की तलाश कर रहे एक युवक को ऑनलाइन आवेदन करना महंगा पड़ गया। रायपुर के पुरानी बस्ती इलाके में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसके क्रेडिट कार्ड से 2.72 लाख रुपये निकाल लिए गए। ठग ने पंजीयन के नाम पर युवक से क्रेडिट कार्ड की जानकारी दर्ज कराई और चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन में रकम निकाल ली। पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और संबंधित बैंकों को भी सूचना दी। इसके बाद साइबर टीम ने जांच शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, प्रोफेसर कॉलोनी निवासी नवीन कन्नौजे ने नौकरी के लिए शाइन डॉट कॉम पर अपना रिज्यूमे अपलोड किया था। इसके अगले दिन 10 अक्टूबर को उनके पास एक अनजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने रिज्यूमे सत्यापित करने के बाद वाट्सऐप पर शाइन इंडिया का लिंक भेजा और पंजीयन के लिए 10 रुपये का भुगतान करने को कहा। नवीन ने लिंक खोलकर क्रेडिट कार्ड की जानकारी दर्ज की, लेकिन उनके पास ओटीपी नहीं आया।

हालांकि कुछ देर बाद उन्हें पता चला कि क्रेडिट कार्ड से चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 2.72 लाख रुपये कट चुके हैं। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने किसी के साथ ओटीपी साझा नहीं किया था। ठगी का पता चलते ही उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की और दोनों बैंकों को इसकी जानकारी दी। अब उन्होंने मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

नौकरी के नाम पर आने वाले लिंक से रहें सावधान
ऑनलाइन नौकरी के लिए आवेदन करते समय अनजान फोन कॉल, वाट्सऐप लिंक और पंजीयन के नाम पर मांगी जाने वाली बैंकिंग जानकारी से सावधान रहना जरूरी है। किसी संदिग्ध लिंक पर क्रेडिट कार्ड का नंबर, सीवीवी या अन्य वित्तीय जानकारी दर्ज न करें। खाते से अनधिकृत रकम कटने पर तुरंत बैंक और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।


































