BALAUDABAZAR NEWS. छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से पिता और बेटे की मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने पहुंची मां की हालत गंभीर है। नेहरू चौक स्थित घर की बालकनी में लगी लोहे की ग्रिल में करंट फैल गया था। सुबह ग्रिल छूते ही कपड़ा कारोबारी करंट की चपेट में आ गए। पिता को बचाने पहुंचे 24 वर्षीय बेटे को भी बिजली का झटका लगा। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल महिला को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। शुरुआती जांच में घर के पास से गुजर रही 11 हजार केवी की हाईटेंशन लाइन से करंट फैलने की आशंका जताई गई है। हालांकि, शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर पुलिस जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, राकेश गुप्ता (45), पिता पुरुषोत्तम लाल गुप्ता, शुक्रवार सुबह नींद से जागने के बाद अपने घर की बालकनी में पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने वहां लगी लोहे की ग्रिल को छुआ। ग्रिल में पहले से करंट फैला हुआ था, जिसके कारण वे बिजली की चपेट में आ गए और ग्रिल से चिपक गए। पिता को करंट से चिपका देखकर उनका 24 वर्षीय बेटा ओम गुप्ता उन्हें बचाने के लिए दौड़ा। उसने पिता को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। देखते ही देखते दोनों गंभीर रूप से झुलस गए।

पति और बेटे को करंट की चपेट में देखकर वर्षा गुप्ता (45) उन्हें बचाने के लिए पहुंचीं। इस दौरान उन्हें भी बिजली का तेज झटका लगा और वह दूर जा गिरीं। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने राकेश गुप्ता और उनके बेटे ओम गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। वर्षा गुप्ता की हालत बेहद गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि घर के पास से 11 हजार केवी की हाईटेंशन बिजली लाइन गुजरती है। आशंका जताई जा रही है कि लाइन से निकली चिंगारी या उसके संपर्क में आए किसी तार के जरिए बालकनी में करंट फैल गया। पुलिस के मुताबिक, सफाई में इस्तेमाल होने वाले सामान के तार के संपर्क में आने से भी करंट फैलने की आशंका है। इसके अलावा शॉर्ट सर्किट की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है। फिलहाल हादसे का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर पिता और बेटे के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। थाना कोतवाली बलौदाबाजार के पीएसआई खिलेंद्र कुमार ने बताया कि करंट की चपेट में आने से राकेश गुप्ता और उनके बेटे ओम गुप्ता की मौत हुई है। घायल महिला को गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया है। पुलिस हादसे के सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है।


































