RAJNANDGAON NEWS. छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जिला अस्पताल में प्रसव के बाद एक महिला की हालत बिगड़ गई। उसे गंभीर अवस्था में मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान कनेरी निवासी रोशनी पटेल (पति गणेश पटेल) के रूप में हुई है। महिला की मौत के बाद परिजनों ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
ऑपरेशन के दौरान चढ़ाया गया 3 यूनिट ब्लड
मिली जानकारी के अनुसार, रोशनी पटेल का प्रसव जिला अस्पताल में कराया गया था। बताया जा रहा है कि ऑपरेशन के दौरान महिला को तीन यूनिट ब्लड चढ़ाया गया था। प्रसव के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालत में सुधार नहीं होने पर जिला अस्पताल प्रबंधन ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 10:30 बजे महिला को मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। उस समय उसकी हालत बेहद गंभीर थी। डॉक्टरों ने उसे बचाने के लिए तमाम प्रयास किए, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मेडिकल कॉलेज पहुंचने तक नहीं मिल रही थी पल्स और BP
मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. पवन जेठानी के मुताबिक, रोशनी पटेल को जिला अस्पताल से अत्यंत गंभीर स्थिति में रेफर किया गया था। जब महिला को मेडिकल कॉलेज लाया गया, तब उसकी पल्स और ब्लड प्रेशर नहीं मिल रहा था।डॉक्टर ने बताया कि महिला की डिलीवरी जिला अस्पताल में ही हो चुकी थी। मेडिकल कॉलेज में उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया और बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी हालत पहले से ही बेहद नाजुक थी।
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, उठे सवाल
महिला की मौत के बाद परिजनों ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि प्रसव के बाद महिला की हालत लगातार बिगड़ती गई और आखिरकार उसे गंभीर अवस्था में दूसरे अस्पताल रेफर करना पड़ा।





































