DONGARGARH NEWS. नवरात्रि में मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं को रेलवे ने बड़ी राहत दी है। 11 से 20 अक्टूबर तक लगने वाले नवरात्रि मेले के दौरान डोंगरगढ़ स्टेशन पर 10 एक्सप्रेस ट्रेनों को दोनों दिशाओं में दो मिनट का अस्थायी ठहराव दिया जाएगा। इसके साथ ही यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मेमू ट्रेनों का विस्तार और अतिरिक्त मेमू स्पेशल का संचालन भी किया जाएगा। रेलवे की इस व्यवस्था से रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, गोंदिया और आसपास के क्षेत्रों से डोंगरगढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं को ट्रेन के जरिए आने-जाने के अधिक विकल्प मिलेंगे। खासतौर पर नवरात्रि के दौरान सड़क मार्ग पर बढ़ने वाली भीड़ के बीच रेल यात्रा श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक विकल्प बनेगी।

रेलवे के अनुसार गोंदिया-दुर्ग-गोंदिया मेमू पैसेंजर का विस्तार रायपुर तक किया जाएगा। वहीं रायपुर-डोंगरगढ़-रायपुर मेमू को गोंदिया तक विस्तारित किया जाएगा। इसके अलावा डोंगरगढ़ और दुर्ग के बीच मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी। सभी संबंधित एक्सप्रेस ट्रेनों का डोंगरगढ़ स्टेशन पर दो मिनट का अस्थायी ठहराव रहेगा। यह व्यवस्था 11 से 20 अक्टूबर तक नवरात्रि मेले के दौरान लागू रहेगी।

इन 10 एक्सप्रेस ट्रेनों को डोंगरगढ़ में मिलेगा ठहराव
नवरात्रि मेले के दौरान इन एक्सप्रेस ट्रेनों को डोंगरगढ़ स्टेशन पर दोनों दिशाओं में दो मिनट का अस्थायी ठहराव मिलेगा—
20843/20844 बिलासपुर-भगत की कोठी एक्सप्रेस
20845/20846 बिलासपुर-बीकानेर एक्सप्रेस
12851/12852 बिलासपुर-चेन्नई एक्सप्रेस
12849/12850 बिलासपुर-पुणे एक्सप्रेस
12771/12772 सिकंदराबाद-रायपुर एक्सप्रेस

सुबह से रात तक अलग-अलग समय पर मिलेगी ट्रेन सुविधा
बिलासपुर-भगत की कोठी एक्सप्रेस डोंगरगढ़ रात 9:56 बजे पहुंचेगी, जबकि वापसी की ट्रेन सुबह 5:40 बजे पहुंचेगी। बिलासपुर-चेन्नई एक्सप्रेस दोपहर 12:16 बजे और चेन्नई-बिलासपुर एक्सप्रेस सुबह 10:18 बजे डोंगरगढ़ पहुंचेगी। बिलासपुर-पुणे एक्सप्रेस दोपहर 2:36 बजे और पुणे-बिलासपुर एक्सप्रेस सुबह 11:58 बजे डोंगरगढ़ पहुंचेगी। सिकंदराबाद-रायपुर एक्सप्रेस सुबह 10:46 बजे और रायपुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस शाम 6:30 बजे डोंगरगढ़ पहुंचेगी।






































