BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव के पैर में धार्मिक कार्यक्रम के दौरान चोट लगने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद उन्हें बिलासपुर के छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके पैर की जांच कर प्राथमिक उपचार किया। बताया जा रहा है कि जांच के बाद उनके पैर में कच्चा प्लास्टर बांधा गया। हालांकि, चोट की गंभीरता और आगे के उपचार को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

जानकारी के मुताबिक, अरुण साव लोरमी में एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसी दौरान उनके पैर में चोट लग गई। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने उनके पैर का परीक्षण किया और प्राथमिक उपचार के तौर पर कच्चा प्लास्टर बांधा।

चोट लगने के बाद उपमुख्यमंत्री के निर्धारित कार्यक्रम निरस्त किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, उनके स्टाफ की ओर से चोट लगने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। स्टाफ का कहना है कि अरुण साव सिम्स अस्पताल में रूटीन चेकअप के लिए पहुंचे थे।

फिलहाल, उनकी चोट की स्थिति, आगे के इलाज और कार्यक्रमों में उनकी वापसी को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार है।





































