JHANSI NEWS. कुएं से बुजुर्ग की लाश मिली तो परिवार और गांव वालों ने इसे हादसा समझ लिया। सिर पर चोट के निशान थे, लेकिन किसी को हत्या का शक नहीं हुआ। शव कुएं से निकाला गया और अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। लेकिन उसी दिन घर की सफाई के दौरान कुछ ऐसे कपड़े मिले, जिन पर खून के निशान थे। इसके बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया।

पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि 65 वर्षीय रामदीन कुशवाहा की मौत हादसे में नहीं, बल्कि कथित हत्या के बाद हुई थी। इस मामले में पुलिस ने रामदीन की 17 वर्षीय नातिन कंचन और पड़ोस में रहने वाले उसके कथित प्रेमी विशाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने वारदात के बारे में जानकारी दी है।

नाना ने दोनों को साथ देखा, फिर बिगड़ी बात
मामला झांसी के चिरगांव थाना क्षेत्र के छिरौना गांव का है। रामदीन अपनी पत्नी और नातिन कंचन के साथ रहते थे। 12 सितंबर की शाम उनकी पत्नी मजदूरी से घर लौटीं तो रामदीन घर पर नहीं मिले। उन्होंने कंचन से पूछा तो उसने बताया कि नाना शाम करीब 4 बजे से घर से बाहर हैं। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने रामदीन की तलाश शुरू कर दी, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। अगले दिन सुबह कंचन ने बताया कि उसने रामदीन को घर के पीछे बने कुएं की तरफ जाते देखा था। इसके बाद लोग कुएं के पास पहुंचे और तलाश शुरू की।

कुएं में तार डालकर खोजबीन की गई तो रामदीन का शव मिल गया। उनके सिर पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे थे। रामदीन के शराब पीने की जानकारी होने के कारण परिवार और ग्रामीणों ने आशंका जताई कि शायद नशे की हालत में वह कुएं में गिर गए होंगे।
शव का अंतिम संस्कार हुआ, फिर मिला खून से सना कपड़ा
हादसा मानकर परिवार ने रामदीन का अंतिम संस्कार कर दिया। मामला लगभग खत्म ही माना जा रहा था, लेकिन घर की सफाई के दौरान कंचन के कुछ कपड़े मिले। इन कपड़ों पर खून के निशान थे। कपड़ों को देखकर परिवार को शक हुआ और कंचन से पूछताछ की गई। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और हत्या की आशंका में जांच शुरू हुई।

पुलिस के मुताबिक, ऐसे रची गई थी साजिश
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में कंचन ने बताया कि वह पड़ोस में रहने वाले विशाल से प्रेम करती थी। कथित तौर पर घटना वाले दिन दोनों घर में एक चारपाई पर बैठे थे। इसी दौरान रामदीन ने दोनों को एक साथ देख लिया। पुलिस का दावा है कि इसके बाद गांव में बदनामी के डर से विशाल ने रामदीन का गला दबाया। फिर कंचन कथित तौर पर रोटी बनाने वाला पत्थर लेकर आई और रामदीन के सिर पर वार किया। पुलिस के मुताबिक, रामदीन के अचेत होने के बाद दोनों ने उन्हें घर के पीछे बने कुएं में फेंक दिया। आरोप है कि शव को कुएं में इसलिए डाला गया, ताकि पूरी घटना हादसा लगे और किसी को हत्या का शक न हो।
हथियार और खून लगे कपड़े बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल किया गया कथित हथियार और घटना के दिन आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने उस जगह की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई है, जहां रामदीन का अंतिम संस्कार हुआ था। वहां से बचे अवशेष भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अरविंद कुमार के मुताबिक, दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।






































