JHANSI NEWS. झांसी के टोडीफतेहपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गुरसरायं-मऊरानीपुर मार्ग पर किशोरपुरा गांव के पास हनुमान मंदिर के नजदीक दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। घायल के दोनों पैर टूटने की बात सामने आई है।

मऊरानीपुर से गुरसरायं जा रहे थे दोनों भाई
जानकारी के अनुसार, लहचूरा थाना क्षेत्र के धवाकर गांव निवासी लालाराम (55) अपने छोटे भाई अजीत कुमार (45) के साथ बाइक से मऊरानीपुर से गुरसरायं की ओर जा रहे थे। किशोरपुरा गांव के पास हनुमान मंदिर के नजदीक पहुंचते ही सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई बाइक से सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दूसरी बाइक पर सवार युवक और एक अधेड़ मौके से फरार हो गए।

एंबुलेंस नहीं पहुंची तो पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद मौके से गुजर रहे लोगों ने घायलों की मदद के लिए डायल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस के मौके पर नहीं पहुंचने पर लोगों ने टोडीफतेहपुर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने दोनों घायलों को पीआरवी वाहन से मऊरानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

इलाज के दौरान एक भाई की मौत
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन 55 वर्षीय लालाराम की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, अजीत कुमार की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि हादसे में अजीत के दोनों पैर टूट गए हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

एक भाई की मौत, दूसरा जिंदगी और मौत से जूझ रहा
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिवार ने एक सदस्य को खो दिया, जबकि दूसरा गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। टोडीफतेहपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के बाद मौके से फरार हुए दूसरी बाइक सवारों की तलाश कर रही है।



































