RAIPUR NEWS. प्रयास विद्यालय, रायपुर में कक्षा 9वीं के एक छात्र को टीसी देकर विद्यालय से बाहर किए जाने के मामले में छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छात्र की टीसी निरस्त करने और उसकी पढ़ाई निर्बाध रूप से जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

छात्र पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं
बच्चे के पालक की ओर से आयोग को दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि छात्र को विद्यालय से निष्कासित कर टीसी जारी कर दी गई। आवेदन के अनुसार, छात्र के तंत्र क्रिया में संलिप्त होने के कथित आरोप के आधार पर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई थी। हालांकि, छात्र की इस कथित गतिविधि में संलिप्तता की कोई पुष्टि नहीं हुई है।

पालक ने यह भी आरोप लगाया है कि उन्हें समुचित जानकारी दिए बिना छात्र को कक्षा से बाहर कर टीसी प्रदान कर दी गई। इसके बाद पालक ने विद्यालय प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की।
बाल आयोग ने मांगी विस्तृत जांच रिपोर्ट
आवेदन का अवलोकन करने के बाद आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने बाल अधिकार संरक्षण आयोग अधिनियम, 2005 की धारा 13(1)(ज) एवं धारा 14 के तहत मामले का संज्ञान लिया है।
आयोग ने सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, रायपुर को मामले की विस्तृत जांच कर तथ्यात्मक एवं लिखित प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

टीसी निरस्त कर पढ़ाई जारी रखने के निर्देश
आयोग अध्यक्ष ने सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास से दूरभाष पर चर्चा कर मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। आयोग ने छात्र की टीसी निरस्त करने और उसकी पढ़ाई दोबारा जारी रखने के संबंध में आवश्यक कदम उठाने को कहा है। आयोग ने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में छात्र की शिक्षा प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

21 सितंबर को प्राचार्य और अधीक्षक तलब
मामले की सुनवाई और जांच के लिए प्रयास विद्यालय, रायपुर के प्राचार्य एवं अधीक्षक को 21 सितंबर 2026 को दोपहर 2 बजे आयोग कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। दोनों अधिकारियों को संबंधित दस्तावेजों के साथ अपना पक्ष प्रस्तुत करना होगा।
आयोग अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने निर्देश दिया है कि प्रकरण के अंतिम निराकरण तक छात्र के शैक्षणिक हितों को ध्यान में रखते हुए उसकी पढ़ाई निर्बाध रूप से जारी रखी जाए।





































