BILASPUR NEWS. रक्षाबंधन के दिन शहर के खपरगंज इलाके में हुए दो गुटों (हिंदू-मुस्लिम) के खूनी संघर्ष और बवाल के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी राम सिंह ठाकुर को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही शहर का माहौल बिगाड़ने वाले दोनों गुटों के प्रमुख चेहरे अब पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

कहां से हुई गिरफ्तारी और कब से था फरार?
घटना 28 अगस्त (रक्षाबंधन) की रात की है। वारदात के बाद से ही राम सिंह ठाकुर फरार चल रहा था। पुलिस की अलग-अलग टीमें उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थीं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थीं। करीब 29 दिन तक पुलिस को चकमा देने के बाद, राम सिंह ठाकुर को मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से गिरफ्तार किया गया है। फरारी के दौरान उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी जारी किया था, जिसमें उसने खुद को निर्दोष बताते हुए धर्म के लिए लड़ने की बात कही थी और जेल में अपनी हत्या की आशंका भी जताई थी।

रक्षाबंधन के दिन क्या हुआ था?
28 अगस्त की रात खपरगंज इलाके में युवकों के दो गुटों (सोहेल खान गुट और राम सिंह ठाकुर गुट) के बीच राखी बंधवाकर लौट रहे युवकों से विवाद के साथ शुरू हुई थी। दोनों गुटों के बीच पुरानी रंजिश को भी विवाद की वजह माना जा रहा है। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव होने लगा। हालात बेकाबू होते देख भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पड़े। इस दौरान उपद्रवियों ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया, जिसमें तारबाहर थाना प्रभारी (टीआई) रवि तिवारी समेत 9 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।

किस-किस के खिलाफ हुई थी एफआईआर?
घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों (सोहेल खान गुट और ठाकुर राम सिंह गुट) के उपद्रवियों के खिलाफ अलग-अलग एफआईआर दर्ज की थी। सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। मुस्लिम पक्ष से आदतन बदमाश और हिस्ट्रीशीटर सोहेल खान मुख्य आरोपी था, जिस पर पहले से ही 20 मामले दर्ज थे। सोहेल को कट्टा लहराते और हवाई फायरिंग करते हुए सीसीटीवी फुटेज में देखा गया था। वहीं, आरोप है कि हिंदू पक्ष से इस पूरे विवाद का नेतृत्व राम सिंह ठाकुर कर रहा था।

अब तक कितनों की गिरफ्तारी?
इस हिंसक बवाल के बाद से ही बिलासपुर पुलिस एक्शन मोड में है। मुख्य आरोपी सोहेल खान ने पुलिस के दबाव में पहले ही सरेंडर कर दिया था, जिसके बाद पुलिस ने उसका और उसके साथियों का सड़क पर जुलूस भी निकाला था। राम सिंह ठाकुर की ताजा गिरफ्तारी के साथ ही, इस मामले में अब तक दोनों पक्षों के कुल 30 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अभी भी इस मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और इलाके में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रख रही है।
26 सितंबर भाद्रपद पूर्णिमा पर 6 राशि को धन लाभ, शनिवार को गजकेसरी योग, इन राशियों की चमकेगी किस्मत





































