RAIPUR NEWS. नवा रायपुर में करीब 100 एकड़ में 5000 बिस्तरों की मेडिसिटी विकसित की जा रही है। यहां विशेषज्ञ और सुपर स्पेशियलिटी इलाज की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वहीं प्रदेश में कैंसर को नोटिफाई करने का निर्णय लिया गया है, जिससे मरीजों का व्यवस्थित डेटाबेस तैयार कर उनके इलाज और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी का रिकॉर्ड रखा जा सकेगा। सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी टीकाकरण भी मिशन मोड में आगे बढ़ाया जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को नवा रायपुर के मेफेयर में बालको मेडिकल सेंटर के चौथे बीएमसी छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026 का शुभारंभ किया। ‘Restoring Balance to Cancer Care’ थीम पर आयोजित कॉन्क्लेव में 200 से अधिक राष्ट्रीय और 11 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ शामिल हो रहे हैं। इस बार स्त्री रोग संबंधी कैंसर और प्रोस्टेट कैंसर पर विशेष चर्चा हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंसर की शुरुआती अवस्था में पहचान होने पर प्रभावी इलाज की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। इसलिए रोकथाम, समय पर स्क्रीनिंग और सुलभ इलाज के लिए सरकार, चिकित्सा जगत और समाज को मिलकर काम करना होगा। मरीज को इलाज के साथ यह भरोसा दिलाना भी जरूरी है कि वह इस लड़ाई में अकेला नहीं है।

उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को 5 लाख रुपए और मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से जरूरतमंद मरीजों को 25 लाख रुपए तक इलाज की सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान में करीब 34 लाख लोगों की स्क्रीनिंग की गई। इनमें लगभग 40 हजार लोगों में अलग-अलग बीमारियों की पहचान कर उन्हें इलाज से जोड़ा गया।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि बालको मेडिकल सेंटर ने स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से प्रदेश में 500 से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगाए हैं। सरकार कैंसर स्क्रीनिंग का दायरा बढ़ा रही है। कैंसर मरीजों का डेटाबेस बनने से इलाज और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी का बेहतर रिकॉर्ड रखा जा सकेगा।

कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री ने सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन परियोजना का शुभारंभ किया। उन्होंने कैंसर की शुरुआती पहचान, स्क्रीनिंग, जांच और उपचार की नई तकनीकों से जुड़े स्टॉल भी देखे। कार्यक्रम में बालको मेडिकल सेंटर की डायरेक्टर डॉ. भावना सिरोही, मेडिकल कॉलेज रायपुर के डीन डॉ. विवेक चौधरी, डॉ. सुज़ाना स्टेनवे और वाइस एडमिरल आरती सरीन सहित विशेषज्ञ मौजूद रहे।





































