RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में शहरी क्षेत्रों में रहने वाले गरीब और जरूरतमंद परिवारों को जल्द ही आवासीय पट्टा मिलने का रास्ता साफ हो गया है। प्रदेशभर में शहरी पट्टा वितरण के लिए चलाया गया सर्वे पूरा कर लिया गया है। कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने बताया कि 15 अगस्त तक सर्वे की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

मंत्री वर्मा के मुताबिक, सभी जिलों के कलेक्टरों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर इसी महीने समीक्षा की जाएगी। समीक्षा के बाद पात्र हितग्राहियों को पट्टा देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 से पहले से संबंधित स्थान पर निवास कर रहे लोगों को निर्धारित पात्रता के आधार पर शहरी पट्टा दिया जाएगा। पात्रता तय करने में सर्वे के दौरान जुटाई गई जानकारी और जिला प्रशासन की रिपोर्ट को आधार बनाया जाएगा।

सरकार की इस पहल से लंबे समय से शहरी पट्टे की उम्मीद लगाए बैठे गरीब परिवारों को राहत मिलने की संभावना है। जिलों से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद पात्रता का परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को पट्टा वितरण की कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।






































