RAIGHAR NEWS. जिले में रविवार को सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। कोतवाली और कोतरा रोड थाना क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग भीषण हादसों में एक महिला और 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि बुजुर्ग की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। एक हादसे में बदहाल और कीचड़ भरी सड़क पर स्कूटी फिसलने के बाद महिला ट्रक की चपेट में आ गई, जबकि दूसरे हादसे में तेज रफ्तार ट्रक ने बुजुर्ग दंपती को टक्कर मार दी।

पहली घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के ढिमरापुर रोड की है। रायगढ़ निवासी नंदकुमारी सिंह (55) रविवार सुबह करीब 10 बजे अपने पति के साथ स्कूटी से ढिमरापुर रोड होते हुए उर्दना की ओर जा रही थीं। बताया जा रहा है कि सड़क पर जमा पानी और कीचड़ के कारण अचानक स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में नंदकुमारी सड़क पर गिर पड़ीं और इसी दौरान वहां से गुजर रहे ट्रक की चपेट में आ गईं। ट्रक के पहियों के नीचे आने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

बदहाल सड़क बनी खतरा, लोग लंबे समय से परेशान
स्थानीय लोगों का कहना है कि ढिमरापुर रोड की स्थिति लंबे समय से खराब है। बारिश के दौरान सड़क पर पानी, कीचड़ और गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है और फिसलने का खतरा बना रहता है। वहीं भारी वाहनों की लगातार आवाजाही भी हादसों की आशंका बढ़ा रही है।

ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार ट्रक ने दंपती को मारी टक्कर
दूसरा हादसा कोतरा रोड थाना क्षेत्र के ओवरब्रिज पर हुआ। कुसमरा निवासी खूबचंद नायक (70) अपनी पत्नी के साथ जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने कथित तौर पर लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खूबचंद नायक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे के बाद लगा जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा
ओवरब्रिज पर हुए हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर कोतरा रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू कराया। पुलिस ने दोनों मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटनाओं के बाद एक बार फिर तेज रफ्तार और बदहाल सड़कों की स्थिति को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।





































