BILASPUR NEWS. प्रसिद्ध धार्मिक नगरी रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर परिसर में हुए विवाद का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मारपीट और विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब पुलिस, भाजपा संगठन और महामाया मंदिर ट्रस्ट ने अलग-अलग स्तर पर कार्रवाई की है। भाजपा ने अल्पसंख्यक मोर्चा की मंडल महामंत्री रेहाना बेगम को पद से मुक्त कर दिया है, वहीं महामाया मंदिर ट्रस्ट ने विवाद से जुड़े चार दुकानदारों को दुकानें हटाने का नोटिस जारी किया है।
जानकारी के अनुसार, 22 अगस्त को महामाया मंदिर परिसर में रेहाना बेगम और एक अन्य व्यक्ति के बीच विवाद हुआ था। मामले में शिकायत के आधार पर रतनपुर थाने में रेहाना बेगम के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाजपा ने जांच पूरी होने तक पद से किया मुक्त
मामला सामने आने के बाद भाजपा जिला बिलासपुर ग्रामीण संगठन ने कार्रवाई करते हुए अल्पसंख्यक मोर्चा मंडल रतनपुर की महामंत्री रेहाना बेगम को तत्काल प्रभाव से पद से मुक्त कर दिया है। संगठन की ओर से कहा गया है कि निष्पक्ष जांच प्रभावित न हो, इसलिए जांच पूरी होने तक यह कार्रवाई प्रभावी रहेगी।

मंदिर ट्रस्ट का सख्त रुख, चार दुकानदारों को नोटिस
विवाद के बाद महामाया मंदिर ट्रस्ट ने भी कड़ा रुख अपनाया है। ट्रस्ट का कहना है कि मंदिर परिसर में हुई घटना से श्रद्धालुओं की आस्था और भावनाएं प्रभावित हुई हैं।
ट्रस्ट ने भागवत उर्फ राहुल पटेल (महामाया फ्लावर दुकान), ईश्वर प्रधान, चिकी प्रधान और राजू शर्मा (गीताप्रेस पुस्तक दुकान) को तत्काल प्रभाव से दुकानें हटाने का निर्देश दिया है। नोटिस में निर्धारित समय पर दुकानें नहीं हटाने की स्थिति में नियमानुसार बलपूर्वक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

दूसरे पक्ष की भूमिका को लेकर भी उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चाएं तेज हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के बीच विवाद में शामिल दूसरे पक्ष की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। मामले में पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
अब मंदिर परिसर में हुए विवाद को लेकर राजनीतिक और सामाजिक सरगर्मी बढ़ गई है। आने वाले दिनों में पुलिस जांच और मंदिर ट्रस्ट की कार्रवाई के बाद इस मामले में और नए घटनाक्रम सामने आ सकते हैं।






































