BILASPUR NEWS. सकरी थाना क्षेत्र के कोपरा जलाशय (डैम) के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 63 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका दामाद गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार भूसे से भरे ट्रक ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी, जिससे महिला ट्रक और बाइक के बीच फंसकर करीब 25 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई।

पुलिस के अनुसार, मुंगेली जिले के लोहाराकापा गांव निवासी पुनौतीन यादव (63) अपने दामाद के साथ बाइक (CG 10 EC 6950) से बिलासपुर आ रही थीं। सुबह कोपरा डैम के समीप पीछे से आ रहे भूसे से लदे ट्रक (HR 55 W 3885) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि महिला ट्रक के नीचे फंस गई और करीब 25 मीटर तक घिसटने के कारण उनका शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर सकरी थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची। महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जबकि गंभीर रूप से घायल उनके दामाद को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आई है। आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।






































