SAKTI NEWS. बाराद्वार थाना क्षेत्र के पलाड़ी कला स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में 9वीं कक्षा के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से मौत हो गई। छात्र का शव गुरुवार सुबह हॉस्टल के टॉयलेट में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पूरे विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति (NESTS) के आयुक्त ने विद्यालय के प्राचार्य मनोज गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

मृतक छात्र की पहचान ग्राम बासीन निवासी ओमेश कुमार कंवर (15) के रूप में हुई है, जो विद्यालय के हॉस्टल में रहकर कक्षा 9वीं की पढ़ाई कर रहा था। गुरुवार सुबह साथी छात्रों ने उसका शव टॉयलेट में फंदे से लटका देखा और तत्काल स्कूल प्रबंधन को सूचना दी। प्राचार्य और कर्मचारियों ने छात्र को नीचे उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिजनों ने प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के चचेरे भाई संजय कंवर का कहना है कि प्राचार्य मनोज गुप्ता छोटी-छोटी बातों पर ओमेश को डांटते-फटकारते थे और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। उनका आरोप है कि इसी प्रताड़ना से परेशान होकर छात्र ने आत्मघाती कदम उठाया। मामले के सामने आते ही NESTS के आयुक्त ने प्राचार्य को निलंबित कर दिया। हालांकि, आरोपों पर प्राचार्य ने कोई प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया।

परिजनों ने आरोपी प्राचार्य के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका यह भी कहना है कि कुछ समय पहले हॉस्टल की अव्यवस्थाओं को लेकर छात्रों ने कलेक्टर से शिकायत की थी, लेकिन उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

इधर, सक्ती SDOP नेश्वरी पैंकरा ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों के साथ-साथ परिजनों द्वारा लगाए गए प्रताड़ना के आरोपों की भी हर पहलू से जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






































