KHAIRAGARH NEWS : छुईखदान में चांदी के पुराने जेवरात चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर सेल और थाना छुईखदान की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक, 14 अगस्त को शांति लाल जैन ने अपनी दुकान से चांदी के पुराने आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस तीन आरोपियों तक पहुंची। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक, महेंद्र साहू ने बताया कि उसने नागपुर जाकर अक्षय गुरूवे और अनिकेत मेश्राम के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी।

CCTV के तार काटकर दुकान में घुसे
पुलिस के अनुसार, योजना के तहत दोनों आरोपी 13 अगस्त को नागपुर से चोरी की एक्टिवा लेकर छुईखदान पहुंचे। इसके बाद रात में महेंद्र साहू के साथ दुकान में घुसे। आरोप है कि दुकान के आसपास लगे CCTV कैमरों के तार काट दिए गए। इसके बाद लोहे की रॉड, पेचकश और चाकू की मदद से दुकान में प्रवेश कर चांदी के जेवरात चोरी किए गए।

तालाब में छिपाए थे चोरी के जेवर
चोरी के बाद आरोपियों ने चांदी के जेवरात को नवागांव स्थित एक तालाब में छिपा दिया था। महेंद्र साहू की निशानदेही पर पुलिस ने तालाब से चोरी किए गए जेवर बरामद कर लिए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से 22 किलो 600 ग्राम चांदी और 3 ग्राम सोना बरामद किया है।

44.75 लाख रुपये का सामान जब्त
पुलिस के मुताबिक, मामले में चोरी के जेवरात के अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा भी जब्त की गई है। कुल जब्त सामान की कीमत करीब 44 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेंद्र साहू, अक्षय गुरूवे और अनिकेत मेश्राम के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।






































