JOB NEWS. भारतीय रेलवे से जुड़ी कंपनी में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन यानी IRCTC ने टूरिज्म मॉनिटर के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन किसी लिखित परीक्षा के जरिए नहीं होगा, बल्कि पर्सनल इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। भर्ती कॉन्ट्रैक्ट बेसिस पर होगी और कुल 9 पद भरे जाएंगे। IRCTC के मुताबिक, इन पदों में 6 वैकेंसी कॉर्पोरेट ऑफिस और 3 वैकेंसी नॉर्थ जोन के लिए हैं। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थियों को आवेदन फॉर्म भरकर निर्धारित तारीख को इंटरव्यू स्थल पर पहुंचना होगा। टूरिज्म मॉनिटर के पदों के लिए 8 और 9 सितंबर 2026 को वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। इंटरव्यू का आयोजन IRCTC नॉर्थ जोन के कार्यालय में होगा।

इस भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर दो तरह के उम्मीदवार पात्र होंगे। पहला विकल्प: उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से टूरिज्म में 3 साल की बैचलर डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा किसी भी स्ट्रीम में 3 साल की बैचलर डिग्री के साथ ट्रैवल एंड टूरिज्म में एक साल का डिप्लोमा करने वाले अभ्यर्थी भी पात्र होंगे। इनके पास टूर ऑपरेशन या ट्रैवल एजेंसी फर्म में कम से कम एक साल का अनुभव होना चाहिए। दूसरा विकल्प: किसी भी स्ट्रीम में 3 साल की बैचलर डिग्री के साथ ट्रैवल एंड टूरिज्म में 2 साल की पोस्ट ग्रेजुएशन डिग्री/डिप्लोमा रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। इस श्रेणी में टूर ऑपरेशन या ट्रैवल एजेंसी फर्म में कम से कम दो साल का अनुभव जरूरी है।

जानिए कितनी मिलेगी सैलरी
IRCTC में टूरिज्म मॉनिटर पद पर चयनित उम्मीदवारों को योग्यता और अनुभव के अनुसार 30,000 से 35,000 रुपये मासिक CTC दिया जाएगा।
3 साल की डिग्री/एक साल के डिप्लोमा और एक साल के अनुभव वाले उम्मीदवार: ₹30,000 प्रतिमाह CTC
3 साल की डिग्री + 2 साल की पोस्ट ग्रेजुएशन/डिप्लोमा और दो साल के अनुभव वाले उम्मीदवार: ₹35,000 प्रतिमाह CTC
ऑन-ड्यूटी के दौरान पात्रता के अनुसार ₹350 प्रतिदिन का डेली अलाउंस भी मिलेगा।
मेडिकल इंश्योरेंस की सुविधा भी दी जाएगी, जिसकी राशि उम्र के आधार पर निर्धारित होगी।

ऐसे होगा चयन
IRCTC की इस भर्ती में कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। उम्मीदवारों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू में प्रदर्शन और उनकी योग्यता व अनुभव के आधार पर किया जाएगा। इंटरव्यू के बाद उम्मीदवारों को उनकी योग्यता और प्रदर्शन के आधार पर शॉर्टलिस्ट किया जाएगा तथा उपलब्ध पदों की संख्या के अनुसार मेरिट तैयार होगी। उम्मीदवारों को निर्धारित प्रारूप में भरा हुआ आवेदन फॉर्म लेकर इंटरव्यू स्थल पर पहुंचना होगा। इसके साथ सभी मूल शैक्षणिक दस्तावेज, अनुभव प्रमाण पत्र, दस्तावेजों की स्वप्रमाणित फोटोकॉपी का एक सेट, 2 हालिया पासपोर्ट साइज फोटो ले जाना जरूरी होगा।
इंटरव्यू का समय: सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक
स्थान: IRCTC, नॉर्थ जोन, बी-148, 11वीं मंजिल, स्टेट्समैन हाउस, बारहखंबा रोड, कनॉट प्लेस, नई दिल्ली-110001

IRCTC भर्ती की जरूरी जानकारी
विवरण जानकारी
कंपनी इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC)
पद टूरिज्म मॉनिटर
कुल पद 9
कॉर्पोरेट ऑफिस 6 पद
नॉर्थ जोन 3 पद
चयन प्रक्रिया वॉक-इन इंटरव्यू
सैलरी ₹30,000–₹35,000 CTC
इंटरव्यू तारीख 8 और 9 सितंबर 2026
समय सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक
इंटरव्यू स्थान कनॉट प्लेस, नई दिल्ली
वेबसाइट IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट





































