GAURELA-PENDRA-MARWAHI NEWS. शराब के नशे में इंसान अक्सर ऐसी हरकत कर बैठता है, जिसकी कल्पना करना भी मुश्किल है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के ग्राम भदौरा में एक ग्रामीण ने जहरीले कोबरा को ही गले का हार बना लिया और गांव में घूम-घूमकर डांस करने लगा। देखते ही देखते सांप ने उसे कई जगह डंस लिया और उसकी हालत बिगड़ गई। ग्रामीणों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन यहां भी कहानी ने ऐसा मोड़ लिया कि इलाज शुरू होने से पहले ही वह अस्पताल के गेट से फरार हो गया। अब परिजन उसकी तलाश में भटक रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, ग्राम भदौरा निवासी संतराम भैना (40) ने बुधवार को पड़ोसी के घर में घुसे कोबरा सांप को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि उस समय वह शराब के अत्यधिक नशे में था। सांप को गले में लपेटकर वह गांव की गलियों और घरों के बाहर घूमता रहा। इस दौरान वह सांप के साथ डांस भी करता नजर आया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

कई बार डंसने से बिगड़ी हालत
कोबरा को गले में लपेटकर घूमने के दौरान सांप ने संतराम को शरीर के कई हिस्सों में डंस लिया। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होती देख ग्रामीणों और परिजनों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल के गेट से अचानक गायब
अस्पताल पहुंचने के बाद इलाज शुरू होने से पहले ही संतराम अचानक मुख्य द्वार से बाहर निकल गया और वहां से फरार हो गया। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है। परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे हैं। जहरीले सांप के काटने के बाद इलाज के बिना उसके गायब होने से अनहोनी की आशंका को लेकर परिजन चिंतित हैं।

चिकित्सकों के अनुसार, जहरीले सांप के काटने के बाद बिना इलाज के रहना बेहद खतरनाक हो सकता है। ऐसे मामलों में तत्काल अस्पताल पहुंचकर एंटी-स्नेक वेनम सहित जरूरी उपचार लेना चाहिए।






































