RAIPUR NEWS. प्रदेश के नगरीय निकायों की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा वित्तीय आवंटन किया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री तथा उप मुख्यमंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने राज्य के 158 नगरीय निकायों के लिए 74 करोड़ 88 लाख 17 हजार रुपये की राशि जारी की है।

सरकार की ओर से जारी इस राशि का उपयोग निकायों में कर्मचारियों के वेतन, पेंशनभोगियों के सेवानिवृत्ति लाभों के भुगतान के साथ-साथ शहरों में मरम्मत, रखरखाव और अतिवृष्टि जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए किया जाएगा।

नगर निकायों को इस तरह मिली राशि
विभागीय आदेश के अनुसार राशि का आवंटन इस प्रकार किया गया है—
– 10 नगर निगम: 45 करोड़ 7 लाख 90 हजार रुपये
– 48 नगर पालिकाएं: 18 करोड़ 60 लाख 34 हजार रुपये
– 100 नगर पंचायतें: 11 करोड़ 19 लाख 92 हजार रुपये

वेतन-पेंशन और विकास कार्यों में मिलेगी मदद
इस वित्तीय सहायता से नगरीय निकायों में लंबित कर्मचारियों के वेतन और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के देयकों का भुगतान किया जा सकेगा। वहीं, मानसून के दौरान जलभराव, सड़क क्षति और अन्य आपात समस्याओं के तत्काल समाधान के लिए भी निकायों को आर्थिक मदद मिलेगी।

इसके अलावा शहरों में प्रकाश व्यवस्था, नाली और सड़क की मरम्मत, साफ-सफाई तथा अन्य दैनिक नागरिक सुविधाओं के संधारण कार्यों में भी तेजी आने की उम्मीद है। सरकार के इस आवंटन से नगरीय निकायों को आवश्यक कार्यों के संचालन के लिए अतिरिक्त वित्तीय सहारा मिलेगा।






































