BILASPUR NEWS. पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम चिल्हाटी में चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। परिवार जब घर लौटा तो मुख्य दरवाजे से लेकर अंदर के ताले टूटे मिले। अलमारी खंगालने पर करीब 2 लाख 81 हजार 608 रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवर गायब थे। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार चिल्हाटी निवासी जब्बार खान खेती-किसानी और मजदूरी का काम करते हैं। 14 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे वे अपनी पत्नी वाहिदा के साथ बेटे अरमान से मिलने सरगांव गए थे। अगले दिन 15 अगस्त की शाम करीब 7 बजे दोनों वापस घर पहुंचे तो मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाने पर चोरी का पता चला।

अलमारी की जांच करने पर उसमें रखी करीब 1.50 लाख रुपये की नकदी, सोने की माला, लॉकेट, चांदी की पायल, बिछिया और चूड़ा समेत अन्य जेवरात गायब मिले। पीड़ित के मुताबिक अलमारी में उनकी साली की बेटी की शादी के लिए खरीदे गए जेवर भी रखे हुए थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 2.81 लाख 608 रुपये बताई गई है।

लगातार चोरियों से पुलिस गश्त पर उठे सवाल
घटना के बाद ग्रामीणों में पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं और कई मामलों में आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से दूर हैं। स्वतंत्रता दिवस के दौरान सूने मकान में हुई इस बड़ी चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पीड़ित की शिकायत पर पचपेड़ी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस घटनास्थल की जांच करने के साथ ही आसपास के संदिग्धों और चोरी के माल की बरामदगी के लिए जांच में जुटी है।






































