MUMBAI NEWS. महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के संतुक पिंपरी गांव स्थित जिला परिषद सरकारी स्कूल की बदहाली का वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। वीडियो वायरल होने के महज दो दिन बाद स्कूल में जीर्णोद्धार का काम शुरू करा दिया गया। स्कूल परिसर में मरम्मत के साथ शौचालय निर्माण और सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे लगाने का काम भी तेजी से चल रहा है।

दरअसल, स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके अपने पैतृक गांव संतुक पिंपरी पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने गांव के जिला परिषद स्कूल का निरीक्षण किया। स्कूल की जर्जर हालत, टूटी खिड़कियों और बुनियादी सुविधाओं की कमी को देखकर उन्होंने इसका वीडियो बनाया और सोशल मीडिया के माध्यम से स्कूल की बदहाली को सामने रखा।
इसी दौरान उन्होंने अपनी पार्टी के ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान की शुरुआत करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाया था। वीडियो सामने आने के बाद मामला प्रशासन के संज्ञान में पहुंचा और संबंधित विभाग ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।

CCTV से बढ़ेगी सुरक्षा, शौचालय की सुविधा भी मिलेगी
स्कूल परिसर में अब मरम्मत और जीर्णोद्धार का काम चल रहा है। इसके साथ ही विद्यार्थियों की सुविधा के लिए शौचालय का निर्माण तथा स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से ग्रामीणों और स्कूली बच्चों में खुशी का माहौल है।

ग्रामीण स्कूलों की बदहाली पर उठी आवाज
अभिजीत दीपके ने कहा कि सरकारी उपेक्षा का सबसे अधिक असर ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब और जरूरतमंद विद्यार्थियों पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि CJP का ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे में सुधार के साथ-साथ निजी स्कूलों की बेलगाम फीस पर सीमा तय करने की मांग को लेकर चलाया जा रहा है।

फिलहाल वायरल वीडियो के बाद प्रशासन की त्वरित कार्रवाई ने यह जरूर दिखा दिया है कि सोशल मीडिया पर उठी आवाज के बाद सरकारी तंत्र भी तेजी से सक्रिय हो सकता है।






































