DURG NEWS. साइबर ठगी और ऑनलाइन अपराधों के बढ़ते खतरे के बीच छत्तीसगढ़ पुलिस ने प्रदेश को साइबर अपराध से सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान शुरू करने का फैसला किया है। 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को साइबर अपराध के नए तरीकों से परिचित कराने के साथ ही उनसे बचाव के उपायों की जानकारी देना है।

अभियान की खास थीम ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ रखी गई है। इसके तहत नागरिक छत्तीसगढ़ पुलिस या जिला पुलिस द्वारा जारी लिंक पर क्लिक अथवा QR Code स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में फोटो लेकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करेंगे। पुलिस का मानना है कि सोशल मीडिया के जरिए साइबर सुरक्षा का संदेश तेजी से बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचाया जा सकेगा।
सात सप्ताह, हर सप्ताह अलग मुद्दा
अभियान के दौरान सात सप्ताह तक अलग-अलग वर्गों को साइबर अपराध के विभिन्न पहलुओं को लेकर जागरूक किया जाएगा। पहले सप्ताह स्कूल-कॉलेजों में डिजिटल सतर्कता और बुनियादी साइबर सुरक्षा पर कार्यक्रम होंगे। दूसरे सप्ताह बैंकिंग और वित्तीय संस्थानों में वित्तीय धोखाधड़ी और UPI सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

तीसरे सप्ताह वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल जैसे अपराधों पर टाउन हॉल आयोजित किए जाएंगे। चौथे सप्ताह महिला कॉलेजों और सामुदायिक समूहों में स्मार्टफोन प्राइवेसी और सुरक्षित ब्राउजिंग पर जानकारी दी जाएगी।
पांचवें सप्ताह युवाओं को जॉब फ्रॉड और फिशिंग से बचने के तरीके बताए जाएंगे। इसके लिए रोजगार कार्यालयों, ITI और कौशल विकास केंद्रों में कार्यक्रम होंगे। छठवें सप्ताह डेटा प्राइवेसी और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल पर जागरूकता अभियान चलेगा। अंतिम सप्ताह ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में गांधी जयंती के अवसर पर ‘साइबर मुक्त छत्तीसगढ़’ का संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा।

चौक-चौराहों से सोशल मीडिया तक होगा प्रचार
अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पुलिस सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, पार्कों और चौक-चौराहों पर पोस्टर-बैनर के माध्यम से QR Code का प्रचार करेगी। इसके अलावा पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए भी जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाएंगे।
पुलिस ने सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स, प्रोफेशनल्स, कलाकारों और आम नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।

2 अक्टूबर को होगा अभियान का समापन
‘साइबर जागृति अभियान’ का समापन 2 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के दिन किया जाएगा। पुलिस ने कहा कि जिस तरह देश की आजादी के लिए लोगों ने एकजुट होकर योगदान दिया था, उसी तरह साइबर अपराध के खिलाफ भी सामूहिक जागरूकता जरूरी है।
दुर्ग पुलिस ने अपील की है कि नागरिक ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ लेकर सोशल मीडिया पर साझा करें और साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता का संदेश आगे बढ़ाएं।






































