JOB NEWS. बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा में स्पेशलिस्ट ऑफिसर के पदों पर भर्ती का मौका है। भर्ती अभियान के तहत विभिन्न विभागों में 206 पदों पर नियमित नियुक्तियां की जानी हैं। इनमें डिजिटल बैंकिंग, इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी, एंटरप्राइज डेटा मैनेजमेंट, कॉरपोरेट अकाउंट्स एंड टैक्सेशन प्लानिंग और फैसिलिटी मैनेजमेंट समेत कई विभाग शामिल हैं। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार बैंक ऑफ बड़ौदा की आधिकारिक वेबसाइट के करियर सेक्शन के जरिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तारीख 26 अगस्त 2026 बताई गई है।

इस भर्ती में अलग-अलग स्तर के स्पेशलिस्ट ऑफिसर पद शामिल हैं। इनमें मैनेजर, सीनियर मैनेजर, चीफ मैनेजर, टेक्निकल ऑफिसर, प्रोडक्ट मैनेजर, डेटा साइंटिस्ट, इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी ऑफिसर, सिक्योरिटी मैनेजर और टैक्सेशन से संबंधित पद शामिल हैं। पद के अनुसार शैक्षणिक योग्यता, कार्य अनुभव और आयु सीमा अलग-अलग निर्धारित की गई है। इसलिए उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले संबंधित पद की विस्तृत पात्रता शर्तों को जरूर देखना चाहिए। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 850 रुपये प्लस पेमेंट गेटवे शुल्क देना होगा। एससी, एसटी, दिव्यांग, पूर्व सैनिक और महिला उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 175 रुपये प्लस पेमेंट गेटवे शुल्क निर्धारित है।

महत्वपूर्ण तारीखें
ऑनलाइन आवेदन शुरू: 6 अगस्त 2026
आवेदन की अंतिम तारीख: 26 अगस्त 2026
आयु की गणना: 1 अगस्त 2026 के आधार पर

ऐसे होगा चयन
उम्मीदवारों के आवेदन की स्क्रीनिंग के बाद बैंक जरूरत के अनुसार ऑनलाइन परीक्षा आयोजित कर सकता है। इसके बाद साइकोमेट्रिक टेस्ट, ग्रुप डिस्कशन और पर्सनल इंटरव्यू जैसी प्रक्रियाएं भी शामिल की जा सकती हैं। अंतिम चयन से पहले डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल प्रक्रिया पूरी की जाएगी। यदि ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जाती है तो इसमें 150 प्रश्न होंगे और कुल 225 अंक निर्धारित होंगे। परीक्षा के लिए 150 मिनट का समय मिलेगा।

ऐसे करें आवेदन
- Bank of Baroda की आधिकारिक वेबसाइट खोलें।
- Career सेक्शन में जाएं।
- Current Opportunities पर क्लिक करें।
- संबंधित Specialist Officer भर्ती का नोटिफिकेशन खोलें।
- रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करें।
- शैक्षणिक योग्यता और कार्य अनुभव से संबंधित जानकारी भरें।
- जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
- आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें।
- फॉर्म सबमिट करने के बाद उसका प्रिंटआउट या PDF सुरक्षित रख लें।




































