NEW DELHI NEWS. लंबे इंतजार के बाद आखिरकार WhatsApp ने अपने वेब वर्जन के लिए ऑडियो और वीडियो कॉलिंग फीचर जारी कर दिया है। अब यूजर्स को कंप्यूटर से कॉल करने के लिए अलग से WhatsApp Desktop ऐप इंस्टॉल करने की जरूरत नहीं होगी। ब्राउजर में WhatsApp Web खोलकर ही सीधे वॉइस और वीडियो कॉल की जा सकेगी। इसके साथ कंपनी ने कॉलिंग एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए कई नए फीचर्स भी पेश किए हैं। अब तक कंप्यूटर से WhatsApp कॉल करने के लिए केवल डेस्कटॉप एप्लिकेशन का इस्तेमाल करना पड़ता था। नए अपडेट के बाद यह सुविधा सीधे WhatsApp Web पर उपलब्ध होगी। कंपनी ने पहले इस फीचर को ग्रुप चैट के लिए पेश किया था और अब इसे वन-टू-वन चैट्स के लिए भी रोलआउट किया जा रहा है। यह अपडेट चरणबद्ध तरीके से सभी यूजर्स तक पहुंचेगा।

WhatsApp Web कॉलिंग में मिलेंगे ये फीचर्स
WhatsApp Web पर कॉलिंग के साथ यूजर्स को कई सुविधाएं मिलेंगी, जिनमें शामिल हैं—
स्क्रीन शेयरिंग और कॉल रिएक्शन
डेडिकेटेड कॉल टैब
कॉलिंग की समय सीमा नहीं
ऑडियो और वीडियो कॉल पूरी तरह मुफ्त
एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन के साथ सुरक्षित कॉलिंग

कॉल ट्रांसफर फीचर से नहीं कटेगी बातचीत
कंपनी ने नया Call Transfer फीचर भी लॉन्च किया है। इसकी मदद से यूजर फोन पर चल रही WhatsApp कॉल को बिना डिस्कनेक्ट किए दूसरे डिवाइस, जैसे लैपटॉप या डेस्कटॉप पर ट्रांसफर कर सकेंगे। पहले ऐसा करने के लिए कॉल काटकर दोबारा कनेक्ट करनी पड़ती थी, लेकिन अब यह प्रक्रिया काफी आसान हो जाएगी।

ग्रुप कॉल में मिलेगा Waiting Room
WhatsApp ने ग्रुप कॉल्स के लिए Waiting Room फीचर भी पेश किया है। अब कोई भी नया सदस्य सीधे कॉल में शामिल नहीं होगा, बल्कि पहले वेटिंग रूम में रहेगा। इसके बाद कॉल का होस्ट तय करेगा कि उसे कॉल में शामिल करना है या नहीं। यह सुविधा Google Meet और Zoom की तरह कॉल को अधिक सुरक्षित और नियंत्रित बनाएगी।

Google Meet और Zoom को मिलेगी चुनौती
नए अपडेट के साथ WhatsApp Web सिर्फ चैटिंग प्लेटफॉर्म नहीं रहेगा, बल्कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के क्षेत्र में भी अपनी मौजूदगी मजबूत करेगा। ऑडियो-वीडियो कॉलिंग, कॉल ट्रांसफर, वेटिंग रूम और बेहतर कॉल क्वालिटी जैसे फीचर्स के बाद अब दोस्तों के साथ बातचीत से लेकर ऑफिस मीटिंग तक, कई काम सीधे WhatsApp Web पर किए जा सकेंगे।





































