WASHINGTON NEWS. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को लेकर अब तक की सबसे कड़ी चेतावनी दी है। ट्रम्प ने साफ शब्दों में कहा कि यदि ईरान ने उनकी हत्या की कोशिश की, तो अमेरिका ऐसा जवाब देगा कि ईरान पूरी तरह तबाह हो जाएगा। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका ने पहले से ही जवाबी कार्रवाई की पूरी तैयारी कर रखी है और जरूरत पड़ने पर बड़े पैमाने पर सैन्य हमला किया जाएगा।

ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि ईरान की ओर 1000 मिसाइलें तैनात हैं और आवश्यकता पड़ने पर हजारों अतिरिक्त मिसाइलों का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी संभावित हमले से निपटने के लिए अमेरिकी सेना को पहले ही आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं।

‘हमले की कोशिश हुई तो मिलेगा करारा जवाब’
ट्रम्प ने कहा कि यदि ईरान ने किसी भी तरह की आक्रामक कार्रवाई की, तो अमेरिका पूरी ताकत से जवाब देगा। उनके अनुसार, अमेरिकी सैन्य बल पूरी तरह अलर्ट पर हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। ट्रम्प के इस बयान के बाद मध्य-पूर्व में एक बार फिर तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

इजराइल से F-22 स्टेल्थ फाइटर जेट की वापसी
इसी बीच, इजराइली मीडिया की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अमेरिका ने इजराइल के ओवदा एयरबेस पर तैनात अपने 12 अत्याधुनिक F-22 स्टेल्थ फाइटर जेट वापस बुलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ये विमान फरवरी से इजराइल में तैनात थे और माना जा रहा है कि इन्हें ईरान के खिलाफ संभावित सैन्य अभियान के मद्देनजर भेजा गया था।

रिपोर्ट के मुताबिक, इन विमानों ने हालिया सैन्य अभियानों में भी अहम भूमिका निभाई थी। अमेरिकी लड़ाकू विमानों की वापसी को क्षेत्र में बदलती सैन्य रणनीति और नई सुरक्षा तैयारियों के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।






































