BILASPUR NEWS. शहर में एक रियल एस्टेट कारोबारी पर महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर महीनों तक ब्लैकमेल करने और अलग-अलग होटलों में ले जाकर यौन शोषण करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) तक पहुंचने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मुंगेली नाका क्षेत्र में सिलाई सेंटर संचालित करने वाली 37 वर्षीय महिला की पहचान भवन मालिक एवं रियल एस्टेट कारोबारी प्रशांत नारंग उर्फ बंटू नारंग (45) से हुई थी। महिला का आरोप है कि सितंबर 2024 में आरोपी ने हाईकोर्ट के एक बड़े वकील से पुराने केस में मदद दिलाने का झांसा देकर 8 सितंबर को उसे होटल ईस्ट पार्क बुलाया। वहां कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो भी बना लिया।

वीडियो वायरल करने और झूठे केस में फंसाने की देता रहा धमकी
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी वीडियो वायरल करने, सिलाई सेंटर खाली कराने और झूठे ड्रग्स केस में फंसाने की धमकी देकर उसे डराता रहा। उसने अपने प्रभावशाली लोगों से संबंध होने का दावा करते हुए महिला को चुप रहने के लिए मजबूर किया। इसी डर का फायदा उठाकर आरोपी अप्रैल 2025 तक अलग-अलग होटलों में बुलाकर उसका यौन शोषण करता रहा। इस दौरान उसने शादी का झांसा भी दिया, लेकिन वीडियो हटाने की मांग पर टालमटोल करता रहा और बाद में महिला का नंबर भी ब्लॉक कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी फिलहाल मुंबई में है।

PMO में शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस
धमकियों और आरोपी के कथित रसूख के चलते पीड़िता सीधे पुलिस के पास नहीं जा सकी। बाद में उसने डाक के माध्यम से प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को शिकायत भेजकर न्याय की गुहार लगाई। शिकायत अग्रसारित होने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

BNS की गंभीर धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(एम), 308(2) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में दुष्कर्म के साथ-साथ सेक्सटॉर्शन (Sextortion) और डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। मोबाइल, वीडियो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सबूतों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।






































