RAIGHAR NEWS. जिले के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार तीन दोस्तों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीसरे युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम महलोई निवासी प्रकाश राठिया (20), बुटरु (21) और ज्ञानचंद मिर्धा (21) रविवार सुबह किसी काम से रायगढ़ आए थे। करीब 11 बजे तीनों एक ही बाइक से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद तीनों युवक ट्रेलर के पहियों की चपेट में आ गए। हादसे में प्रकाश राठिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बुटरु और ज्ञानचंद मिर्धा को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने बुटरु को मृत घोषित कर दिया। वहीं, ज्ञानचंद का उपचार जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही चक्रधर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।

एक साथ दो युवकों की मौत की खबर से ग्राम महलोई में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम का माहौल है।






































