DHAMTARI NEWS. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में आत्महत्या के मामलों में लगातार बढ़ोतरी चिंता का विषय बनती जा रही है। तीन दिन पहले एक ही दिन तीन युवकों द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना के बाद अब जिले में दो और लोगों ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर अपनी जान दे दी। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने जिले में सनसनी फैला दी है और समाज के साथ-साथ प्रशासन की भी चिंता बढ़ा दी है।

जानकारी के अनुसार, पहला मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम खर्तूली का है। यहां रहने वाले दानीराम साहू ने अपने घर में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। परिजन उन्हें बचा नहीं सके और उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी। दानीराम कृषि कार्य से जुड़े हुए थे।

दूसरी घटना कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम सिंधौरी खुर्द की है। यहां के निवासी पूनेंद्र यादव ने भी अपने घर में जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।

पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए।

गौरतलब है कि 30 जून को भी धमतरी जिले में एक ही दिन तीन अलग-अलग स्थानों पर युवकों द्वारा आत्महत्या की घटनाएं सामने आई थीं। पहली घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के मकेश्वर वार्ड में हुई थी, जहां संजू साहू ने फांसी लगाकर जान दे दी थी। दूसरी घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के अछोटा गांव की थी, जहां गोपाल यादव ने फांसी लगाई थी। वहीं तीसरी घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के संबलपुर ओवरब्रिज के पास हुई थी, जहां एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला था।

लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने जिले में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। फिलहाल, पुलिस सभी मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।





































