KORIYA NEWS. कोरिया जिले की आदिवासी छात्रा पूजा पैकरा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर पुलिस परिवार के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने सड़क पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले में नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और पीड़ित छात्रा को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग उठाई। इस विरोध प्रदर्शन ने जिले की कानून-व्यवस्था और अपराधों पर कार्रवाई की गति को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना था कि प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना बेहद चिंताजनक है। उनका आरोप है कि न्याय में हो रही देरी से आम जनता का कानून व्यवस्था पर भरोसा कमजोर पड़ रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में तत्काल और प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।

इस दौरान पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि एफआईआर दर्ज होने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

गुलाब कमरो ने कहा कि यदि समाज की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिसकर्मी का परिवार ही न्याय के लिए आंदोलन करने को मजबूर हो जाए, तो यह प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस परिवार की बेटी स्वयं सुरक्षित महसूस नहीं कर रही है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता स्वाभाविक है।

उन्होंने शासन और प्रशासन से मामले को संवेदनशीलता के साथ लेते हुए कानून के अनुसार त्वरित कार्रवाई करने, सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और पीड़ित छात्रा व उसके परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की अपील की।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस परिवार के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने एक स्वर में कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई ही पीड़ित परिवार को न्याय दिला सकती है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कर दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग दोहराई।






































