KAWARDHA NEWS. कबीरधाम जिले में कथित धान घोटाले की जांच लगातार तेज होती जा रही है। धान उपार्जन केंद्रों से धान गायब होने के मामले में पुलिस अब तक छह एफआईआर दर्ज कर चुकी है। जांच के दौरान पुलिस आरोपियों के घरों और कार्यालयों में लगातार छापेमारी कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटा रही है।

इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस ने लोहारा धान उपार्जन केंद्र के प्रभारी गंगादास मानिकपुरी के घर और कार्यालय में छापेमार कार्रवाई की। तलाशी के दौरान पुलिस ने 16 लाख रुपये नकद, बैंक पासबुक, कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और कार्यालय में रखा कंप्यूटर जब्त किया। सभी जब्त सामग्री को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धान घोटाले में नामजद अन्य आरोपियों के घरों और कार्यालयों में भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।


जांच में हो सकते हैं बड़े खुलासे
धान घोटाले की जांच आगे बढ़ने के साथ नए-नए तथ्य सामने आ रहे हैं, जिससे जिले में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।






































