NAGPUR NEWS महाराष्ट्र के नागपुर से एक दुखद खबर सामने आई है। 17 वर्षीय महिला क्रिकेटर अदिति चौखांडे ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है।

पुलिस के अनुसार, अदिति मूल रूप से महाराष्ट्र के अकोला की रहने वाली थीं। पिछले दो साल से वह अपनी मां के साथ नागपुर के लक्ष्मी नगर स्थित उमालक्ष्मी अपार्टमेंट में रह रही थीं। वह सुर्वे क्रिकेट अकादमी में प्रशिक्षण ले रही थीं और बड़े स्तर पर क्रिकेट खेलने का सपना देख रही थीं।

बताया जा रहा है कि हाल ही में विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन (VCA) की चयन प्रक्रिया में उनका चयन नहीं हुआ था। शुरुआती जांच में इसी वजह से उनके मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है। सुसाइड नोट में भी लिखा मिला है, “मेरा चयन नहीं हुआ।”

पुलिस ने बताया कि अदिति के पिता अकोला में सिविल कॉन्ट्रैक्टर हैं। उनके बड़े भाई प्रबल चौखांडे भी क्रिकेट से जुड़े हुए हैं। घटना के समय वह शहर से बाहर थे।

बजाज नगर थाना प्रभारी चेतन चौहान के मुताबिक, मामले की जांच जारी है। आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।





































