BILASPUR NEWS. नगर निगम बिलासपुर के जोन-4 में पदस्थ सब इंजीनियर अमर सिंह चौहान की सरकारी आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव फंदे से लटका मिला। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसके बाद पुलिस आत्महत्या के पीछे की वजह जानने में जुट गई है। हाल ही में हुए उनके तबादले और अन्य व्यक्तिगत पहलुओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है।

घटना बुधवार सुबह की है। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों और आसपास के लोगों को संदेह हुआ। दरवाजा खोलने पर अमर सिंह चौहान का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट में उन्होंने मानसिक तनाव में होने की बात लिखी है, लेकिन आत्महत्या का स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि फांसी लगाने से पहले उन्होंने अपनी कलाई काटने की कोशिश की थी। इस पहलू की भी जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार अमर सिंह चौहान की बिलासपुर में करीब छह महीने पहले ही पदस्थापना हुई थी। हाल ही में उनका तबादला जगदलपुर किया गया था। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या स्थानांतरण, व्यक्तिगत कारण या किसी अन्य वजह से वे मानसिक तनाव में थे।

सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों व परिचितों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।






































