SARGUJA NEWS. सीतापुर में रविवार सुबह सराफा कारोबारी के साथ दिनदहाड़े करीब 1 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवरात की उठाईगिरी से सनसनी फैल गई। कारोबारी दुकान खोलने के लिए ताला खोलने में व्यस्त था, तभी पीछे से आया एक युवक स्कूटी पर रखा जेवरात से भरा बैग उठाकर फरार हो गया। पूरी वारदात आसपास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक, सीतापुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-43 के पास काशी विश्वनाथ ज्वैलर्स के संचालक अरुण देव सोनी रविवार सुबह करीब 11:30 बजे अपने घर से सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लेकर स्कूटी से दुकान पहुंचे थे। बैग में करीब 1 करोड़ रुपये के जेवरात बताए जा रहे हैं।
कारोबारी ने स्कूटी दुकान के बाहर खड़ी की और बैग स्कूटी पर ही छोड़कर दुकान का ताला खोलने लगे। इसी दौरान एक युवक पीछे से आया और मौका पाकर स्कूटी पर रखा बैग उठाया और तेजी से वहां से फरार हो गया।

ताला खोलने के बाद जब कारोबारी स्कूटी के पास पहुंचे तो बैग गायब देखकर उनके होश उड़ गए। आसपास काफी तलाश की गई, लेकिन आरोपी का कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
क्या पहले से हो रही थी कारोबारी की रेकी?
पुलिस को आशंका है कि यह कोई अचानक की गई वारदात नहीं, बल्कि पहले से की गई रेकी का नतीजा हो सकती है। कारोबारी रोज रात को जेवरात से भरा बैग घर ले जाते थे और सुबह उसे दुकान लेकर आते थे। ऐसे में पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बदमाशों ने कारोबारी की दिनचर्या पर कितने दिनों तक नजर रखी थी।

CCTV में कैद हुआ संदिग्ध, कई एंगल से जांच
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज में एक संदिग्ध युवक बैग लेकर भागता दिखाई दे रहा है। पुलिस अब उसके आने-जाने के रास्ते और संभावित साथियों की पहचान करने में जुटी है। घटना में एक से अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका भी जताई जा रही है।

दिनदहाड़े वारदात से व्यापारियों में दहशत
सीतापुर में दिनदहाड़े इतनी बड़ी रकम के जेवरात की चोरी से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही सीतापुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज के साथ ही संदिग्ध लोगों और वाहनों की जानकारी जुटा रही है।
एसडीओपी तूल सिंह पट्टावी ने बताया कि घटना सुबह करीब 11:30 बजे की है। CCTV फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है और उसमें एक संदिग्ध युवक नजर आया है। उसकी तलाश की जा रही है।
एसपी अमोलक सिंह ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को अलर्ट कर दिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।






































