BILASPUR NEWS. बाजार से कम कीमत पर किराना सामान उपलब्ध कराने का झांसा देकर एक कारोबारी से करीब 15 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले छोटी रकम लेकर समय पर सामान पहुंचाया, जिससे पीड़ित का भरोसा जीत लिया। बाद में विशेष स्कीम का लालच देकर लाखों रुपये ऐंठे और किराए का मकान खाली कर फरार हो गया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी संतोष गुप्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सरकंडा निवासी फणीन्द्र तिवारी से संतोष गुप्ता ने संपर्क कर खुद को फैक्ट्री एजेंसी से जुड़ा व्यापारी बताया। उसने दावा किया कि वह व्यापार विहार से बाजार मूल्य से कम कीमत पर किराना सामान उपलब्ध करा सकता है। 20 दिसंबर 2025 को उसने 50 हजार रुपये लेकर समय पर सामान की आपूर्ति की, जिससे पीड़ित का उस पर विश्वास बढ़ गया।

इसके बाद आरोपी ने विशेष स्कीम और अधिक मुनाफे का झांसा देकर ऑनलाइन और नकद माध्यम से किश्तों में बड़ी रकम लेना शुरू कर दिया। शुरुआत में वह थोड़ा-बहुत सामान देता रहा, लेकिन बाद में एकमुश्त बड़ी खेप देने का भरोसा दिलाकर करीब 15 लाख रुपये ले लिए।

मार्च 2026 में आरोपी ने पत्नी की तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर दो दिन तक मोबाइल बंद रखने की बात कही। इसके बाद वह मंगला स्थित किराए के मकान से सफेद पिकअप वाहन में अपना सामान भरकर फरार हो गया। तब से उसका मोबाइल बंद है। पीड़ित ने आरोपी के परिजनों से भी संपर्क किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

खुद को ठगी का शिकार होने का अहसास होने पर फणीन्द्र तिवारी ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। साथ ही उसके बैंक खातों, लेन-देन और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसने इसी तरह की स्कीम के जरिए अन्य लोगों को भी ठगी का शिकार तो नहीं बनाया।






































