पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से सोशल मीडिया से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 19 वर्षीय युवक को सोशल मीडिया पर लग्जरी लाइफस्टाइल की रील्स पोस्ट करना भारी पड़ गया। महंगे मोबाइल और स्टाइलिश वीडियो देखकर बदमाशों ने उसे करोड़पति समझ लिया और उसका अपहरण कर परिवार से 10 लाख रुपये की फिरौती मांग ली।

मामला पन्ना जिले के पवई क्षेत्र का है। अपहृत युवक की पहचान 19 वर्षीय अंशुल के रूप में हुई है, जो एक कपड़ा व्यापारी का बेटा है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों ने सोशल मीडिया पर अंशुल की रील्स देखीं। उसकी लाइफस्टाइल देखकर उन्हें लगा कि वह बेहद संपन्न परिवार से है। इसी गलतफहमी में उन्होंने 27 जून को उसका अपहरण कर लिया।

अपहरण के बाद आरोपियों ने युवक के परिजनों से संपर्क कर 10 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंतित परिवार ने आरोपियों के बताए बैंक खाते में 1 लाख 48 हजार रुपये भी ट्रांसफर कर दिए।

सूचना मिलते ही पन्ना पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने सबसे पहले फिरौती की रकम वाले बैंक खाते को फ्रीज कराया और तकनीकी निगरानी के आधार पर युवक को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजकमल रजक, राजकुमार पाल और शिवेंद्र सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक पिस्टल, दो देसी कट्टे और दो बाइक भी बरामद की हैं।

थाना प्रभारी सुशील कुमार अहिरवार ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने सोशल मीडिया पर युवक की रील्स देखकर उसे आर्थिक रूप से बेहद संपन्न समझ लिया था। इसी धारणा के आधार पर उन्होंने अपहरण की साजिश रची। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।





































