VIETNAM NEWS. वियतनाम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार सुबह भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक बोट समुद्र में पलट गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार बोट में 32 भारतीय पर्यटक सवार थे। हादसे के बाद समुद्र में अफरा-तफरी मच गई। अब तक 18 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 14 भारतीय अब भी लापता हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए वियतनाम की कोस्ट गार्ड, नौसेना और राहत एजेंसियां लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

भारतीय दूतावास ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि वियतनामी प्रशासन के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है और प्रभावित भारतीय नागरिकों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

भारतीय दूतावास ने बनाए कंट्रोल रूम
हादसे के बाद हनोई और हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय दूतावासों में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। दूतावास ने बताया कि दोनों मिशन स्थानीय प्रशासन के लगातार संपर्क में हैं और हादसे से जुड़ी पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल राहत एवं बचाव एजेंसियां लापता भारतीयों की तलाश में जुटी हुई हैं।

सुबह करीब 10:30 बजे हुआ हादसा
रिपोर्टों के मुताबिक हादसा शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। नाव भारतीय पर्यटकों को फु क्वोक के पास स्थित होन मे रुत नगोआई (Hon May Rut Ngoai) द्वीप की सैर के लिए ले जा रही थी। यह द्वीप अपने साफ समुद्र, सफेद रेत वाले बीच और कोरल रीफ डाइविंग के लिए दुनियाभर के पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय माना जाता है।

परिजनों के लिए हेल्पलाइन जारी
भारतीय दूतावास ने प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। परिजन इन नंबरों पर संपर्क कर अपने परिजनों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
+84 36 281 7930
+84 91 552 37 14
+84 33 452 0414

हादसे के कारणों की जांच शुरू
स्थानीय प्रशासन ने बोट हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर खराब मौसम और समुद्री परिस्थितियों को संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि अन्य सभी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। फिलहाल प्रशासन की पहली प्राथमिकता लापता भारतीय पर्यटकों का जल्द से जल्द पता लगाना और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना है।





































