LALITPUR NEWS ललितपुर। उत्तर प्रदेश के ललितपुर में सोमवार को हिंदू संगठनों और साधु-संतों ने कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मौलाना जर्जिस अंसारी द्वारा भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान पर नाराजगी जताते हुए निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, बजरंग सेना समेत विभिन्न हिंदू संगठनों के 50 से अधिक कार्यकर्ता जगत गुरु के नेतृत्व में शहर में प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मौलाना जर्जिस अंसारी का कथित बयान सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से प्रसारित हुआ, जिससे सनातन हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। संगठनों ने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान समाज में तनाव पैदा कर सकते हैं।

ज्ञापन के माध्यम से प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, एफआईआर दर्ज करने और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान कई हिंदूवादी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।







































