जालौन: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना जालौन कोतवाली नगर क्षेत्र के बस स्टैंड स्थित सिटी कॉम्प्लेक्स के सामने की बताई जा रही है। रविवार देर रात हुए इस विवाद में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर मौजूद कुछ लोग अपनी बाइक छोड़कर वहां से भाग गए। घटना का वीडियो मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया।

पुलिस मौके पर पहुंची, हंगामा करने वालों पर नजर
घटना की जानकारी मिलते ही जालौन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता किए जाने का आरोप भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि हंगामा कर रहे कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों से भी दुर्व्यवहार किया।

वायरल वीडियो के आधार पर हो रही पहचान
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से मिले वाहनों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

सीओ बोले- अभी नहीं मिली कोई शिकायत
जालौन के क्षेत्राधिकारी (सीओ) ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत या तहरीर नहीं दी गई है। जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



































