BILASPUR NEWS. चकरभाठा थाना क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। वारदात उस समय हुई जब घर के सदस्य बेटे से मिलने कोरबा गए हुए थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, चकरभाठा कैंप वार्ड क्रमांक-15 (आत्मानंद स्कूल के सामने) निवासी खगेन्द्र कुमार तिवारी, जो शासकीय विद्यालय से सेवानिवृत्त व्याख्याता हैं, 12 जुलाई की दोपहर परिवार के साथ अपने पुत्र से मिलने बालको (कोरबा) गए थे। उनका पुत्र बालको प्लांट में इंजीनियर है।

13 जुलाई की शाम करीब 6 बजे जब परिवार वापस लौटा तो आहाते का ताला सुरक्षित मिला, लेकिन घर के अंदर प्रवेश करते ही मुख्य दरवाजे और चार कमरों के ताले टूटे हुए मिले। चोरों ने अलमारी और लोहे की पेटी के ताले भी तोड़ दिए थे।

जांच में पता चला कि बदमाश सोने के हार, कंगन, अंगूठी, बाली, हीरे के आभूषण, चांदी के पायल, लोटा, गिलास, सिंदूर डिब्बा, सिक्के, कांसे के बर्तन, करीब 50 हजार रुपये नकद तथा गुल्लक में रखे लगभग 60 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत का आकलन बिल और दस्तावेजों के आधार पर किया जा रहा है।

सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 एवं 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।






































