RAIGARH NEWS. रायगढ़ शहर के केलो नदी मरीन ड्राइव पर एक युवती के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नूरी खान समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक बालिग युवती और दो नाबालिग शामिल हैं। यह घटना 1 जुलाई की बताई जा रही है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।

पुलिस के अनुसार, तीन युवतियों ने एक युवती को रोककर उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान पीड़िता के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और गाली-गलौज भी की गई। घटना का वीडियो खुद आरोपियों ने अपने मोबाइल से बनाया और सोशल मीडिया स्टोरी पर साझा कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद मुख्य आरोपी नूरी खान सहित तीनों युवतियों को हिरासत में लिया गया। इनमें दो आरोपी नाबालिग हैं।

सेल्फी को लेकर शुरू हुआ विवाद
रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह ने बताया कि पीड़िता अपनी दो सहेलियों के साथ मरीन ड्राइव से गुजर रही थी। उसी दौरान नूरी खान अपनी दो साथियों के साथ सेल्फी ले रही थी। आरोपियों को गलतफहमी हुई कि पीड़िता उन्हें देखकर हंस रही है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी नूरी खान सहित तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।






































