गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र में एक युवती ने अपनी सगी चाची और गांव के एक युवक पर 20 लाख रुपये का लालच देकर उसे गलत काम के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार, उसकी चाची और गांव का युवक कई दिनों से उसे एक प्रस्ताव स्वीकार करने के लिए दबाव बना रहे थे। आरोपियों ने दावा किया कि एक काम के बदले उसे 20 लाख रुपये मिलेंगे, जबकि कुल 80 लाख रुपये के सौदे की बात कही गई थी। साथ ही युवती को इस बारे में किसी भी परिजन को जानकारी न देने की हिदायत दी गई थी।

युवती ने जब इस काम के बारे में विस्तार से पूछा तो आरोप है कि उसे बताया गया कि उसे कार से आजमगढ़ ले जाया जाएगा, जहां करीब एक घंटे तक रुकना होगा। जब उसने जानना चाहा कि आखिर किस काम के लिए इतनी बड़ी रकम दी जा रही है, तब कथित तौर पर उसे अश्लील गतिविधि करने की बात बताई गई।

यह सुनते ही युवती ने प्रस्ताव ठुकरा दिया और घर लौटकर पूरी जानकारी अपने परिजनों को दी। आरोप है कि इसके बाद चाची और उसका साथी युवती के घर पहुंचे, जहां उन्होंने गाली-गलौज की और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

घटना के बाद पीड़िता ने दुल्लहपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी चाची और उसके सहयोगी के खिलाफ गाली-गलौज, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





































