पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने अलग-अलग आदेश जारी कर जिले के दोनों अनुविभागीय अधिकारियों (एसडीएम) समेत सभी तहसीलों के तहसीलदारों के तबादले कर दिए हैं।

जारी आदेश के अनुसार पेंड्रारोड के नए एसडीएम के रूप में अमित बेक की नियुक्ति की गई है, जबकि मरवाही एसडीएम की जिम्मेदारी निकिता मरकाम को सौंपी गई है। इसके अलावा डिप्टी कलेक्टर विक्रांत अंचल और देवेंद्र सिरमौर के प्रभार में भी बदलाव किया गया है।

इसी क्रम में जिले की सभी तहसीलों में नए तहसीलदारों की पदस्थापना की गई है। कुल सात अधिकारियों के तबादला आदेश के तहत शेषनारायण जायसवाल को पेंड्रा का नया तहसीलदार बनाया गया है, वहीं अविनाश कुजूर को मरवाही की जिम्मेदारी दी गई है। प्रीति मिश्रा को पेंड्रारोड और अंजलि मिश्रा को सकोला तहसील का तहसीलदार नियुक्त किया गया है।

तीन अन्य अधिकारियों के प्रभार में भी फेरबदल किया गया है। कलेक्टर द्वारा जारी इस व्यापक प्रशासनिक बदलाव के बाद जिले के प्रशासनिक ढांचे में महत्वपूर्ण परिवर्तन देखने को मिला है।








































