JALAUN NEWS जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना सिरसाकलार थाना क्षेत्र के ग्राम अभेदेपुर निवासी राजेंद्र सिंह उर्फ लल्ला के साथ हुई, जिनकी गुरुवार रात झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे-27 पर हादसे में जान चली गई।

जानकारी के अनुसार, राजेंद्र सिंह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे और इलाज के लिए झांसी गए थे। दवा लेकर वह गुरुवार रात करीब आठ बजे बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इस दौरान वह अकेले थे और नेशनल हाईवे-27 पर आटा थाना क्षेत्र स्थित संकट मोचन मंदिर के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि राजेंद्र सिंह सड़क पर कई फीट दूर जा गिरे और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी।

सूचना पर आटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।

शुक्रवार को पोस्टमार्टम के लिए पहुंचे परिजनों ने बताया कि राजेंद्र सिंह इलाज के लिए झांसी गए थे और दवा लेने के बाद घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक अपने पीछे पत्नी भगवती और तीन बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी बड़ी बेटी दीपाली की शादी हो चुकी है, जबकि रोशनी और रोहिणी अभी अविवाहित हैं। परिवार के मुखिया की अचानक हुई मौत से घर में मातम पसरा हुआ है।
पत्नी भगवती का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं बेटियों के विलाप से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि राजेंद्र सिंह मिलनसार और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे, जो हमेशा परिवार की जिम्मेदारियां निभाने में आगे रहते थे।





































