TOKIYO NEWS. जापान के दक्षिणी द्वीप क्यूशू में मंगलवार को आए शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचा दी। कुमामोटो क्षेत्र में आए भूकंप की शुरुआती तीव्रता 7.1 मापी गई, जबकि बाद के आकलन में 6.8 की तीव्रता भी सामने आई। करीब 10 किलोमीटर गहराई में आए झटकों के बाद कई इलाकों में इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं, सड़कें टूट गईं और आग लगने की घटनाएं सामने आईं। कम से कम 50 लोगों के घायल होने की सूचना है।

भूकंप के बाद जापान के तटीय इलाकों में सुनामी को लेकर अलर्ट जारी किया गया था। बाद में इसे हटा लिया गया। प्रशासन ने लोगों से समुद्र तट से दूर रहने और संभावित आफ्टरशॉक को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।

सड़कें टूटीं, इमारतों में दरारें; कई जगह आग
तेज झटकों से कई स्थानों पर सड़क और पुल क्षतिग्रस्त हुए। कुछ इमारतों के ढहने और आग लगने की भी सूचना है। कुमामोटो कैसल समेत कई ऐतिहासिक और सार्वजनिक ढांचों को नुकसान पहुंचा है। भूकंप के कारण रेल सेवाएं भी प्रभावित हुईं और कुमामोटो एयरपोर्ट का संचालन बाधित हुआ।

हजारों घरों में अंधेरा
भूकंप के बाद क्यूशू के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। रिपोर्टों के मुताबिक करीब 40 हजार घरों की बिजली गुल हुई। बिजली बहाली और क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे को दुरुस्त करने का काम जारी है।

आफ्टरशॉक का खतरा, राहत-बचाव तेज
जापानी अधिकारियों ने चेताया है कि आने वाले दिनों में क्षेत्र में और झटके महसूस किए जा सकते हैं। प्रशासन ने राहत एवं बचाव दलों को सक्रिय कर दिया है और प्रभावित इलाकों में नुकसान का आकलन किया जा रहा है। फिलहाल परमाणु संयंत्रों में किसी तरह की असामान्य स्थिति की सूचना नहीं है।






































