RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति अस्पताल (मेकाहारा) में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब मेडिसिन विभाग के इमरजेंसी वार्ड में अचानक आग लग गई। आग लगते ही पूरे वार्ड में धुआं भर गया, जिससे अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने तत्काल सतर्कता बरतते हुए इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों को सुरक्षित स्थानों और ICU में शिफ्ट किया। डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया, जिससे किसी मरीज को नुकसान नहीं पहुंचा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इमरजेंसी वार्ड में लगे दो एयर कंडीशनर (AC) में तकनीकी खराबी या ब्लास्ट होने के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

आग लगने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस और संबंधित विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग की चपेट में आने से इमरजेंसी वार्ड में रखा फर्नीचर, मेडिकल उपकरण और अन्य सामान बुरी तरह जल गया। धुएं के कारण कुछ समय तक पूरे वार्ड में कामकाज प्रभावित रहा। बिजली आपूर्ति भी एहतियातन बंद कर दी गई।

अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने कहा कि पूरी घटना की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जा सकेगी। वहीं, डॉ. रेशम ने बताया कि वार्ड में भर्ती सभी मरीजों को समय रहते ICU और अन्य सुरक्षित वार्डों में स्थानांतरित कर दिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। अग्निशमन अधिकारी पुष्पराज सिंह ने बताया कि दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। शुरुआती तौर पर एसी फटने की आशंका है। बिजली सप्लाई बंद कर तकनीकी निरीक्षण किया जाएगा, जिसके बाद आग लगने की असली वजह स्पष्ट होगी।

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
मेकाहारा अस्पताल में इससे पहले भी सर्जरी के दौरान एसी के कंप्रेसर में विस्फोट होने से आग लग चुकी है। उस समय भी अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई थी और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने अस्पताल की विद्युत और एयर कंडीशनिंग व्यवस्था की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।






































