BIJAPUR NEWS. बीजापुर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केड़ेनार थाना में पदस्थ हवलदार कुमारी तिलेश्वरी साहू को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, हवलदार ने जब्त किए गए ट्रैक्टर को छोड़ने के एवज में एक ग्रामीण से 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित की शिकायत पर ACB ने ट्रैप की योजना बनाई और आरोपी हवलदार को रिश्वत की रकम लेते हुए धर दबोचा।
कार्रवाई के बाद ACB की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

दो बार जेल और अस्पताल से फरार हुआ चोरी का आरोपी फिर गिरफ्तार
जगदलपुर केंद्रीय जेल जगदलपुर से फरार होकर पुलिस को लगातार चकमा दे रहा चोरी के मामले में सजायाफ्ता बंदी आखिरकार बस्तर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। साइबर सेल और पुलिस की संयुक्त टीम ने नारायणपुर में एक सप्ताह तक लगातार निगरानी और घेराबंदी के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी महेंद्र दीवान दंतेवाड़ा जिले के चितालंका कलारपारा का निवासी है। उसे चोरी के एक मामले में दंतेवाड़ा न्यायालय ने 5 वर्ष 3 माह के कारावास की सजा सुनाई थी। 4 जनवरी 2026 को उसे जिला जेल दंतेवाड़ा से केंद्रीय जेल जगदलपुर स्थानांतरित किया गया था, जहां से वह 25 मार्च 2026 को फरार हो गया। इस संबंध में कोतवाली जगदलपुर में उसके खिलाफ अलग से मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार, महेंद्र आदतन फरार होने वाला अपराधी है। इससे पहले वह दंतेवाड़ा जिला जेल से भी भाग चुका था। वहीं, महेंद्र कर्मा अस्पताल डिमरापाल में इलाज के दौरान भी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। उसके खिलाफ कांकेर, दंतेवाड़ा और बस्तर जिलों में चोरी के कई मामले दर्ज हैं।
तकनीकी निगरानी और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने नारायणपुर में लगातार एक सप्ताह तक रेकी की। इसके बाद घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेशी के बाद उसे दोबारा जेल भेज दिया गया।






































